ग्रामीणों और शिकारियों में हुई मुठभेड़, हथियार व सुअर बरामद
बीकानेर. रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शिकारियों और ग्रामीणों के बीच नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। सूअरों का शिकार कर स्कॉर्पियो गाड़ी से भाग रहे तीन शिकारियों को सजग ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा और जमकर धुनाई कर दी। मारपीट में एक शिकारी का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो अन्य को भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर रणजीतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शिकारियों को हिरासत में लेकर वन विभाग को सूचना दी।
क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपेन्द्र ने बताया कि तीनों शिकारी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर गोडू इलाके में सूअरों का शिकार कर रहे थे। शिकार के बाद जब वे मांस और हथियारों सहित गाड़ी में बैठकर रणजीतपुरा-रावला की ओर भागने लगे तो ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियों का अंदेशा हुआ। ग्रामीणों ने तुरंत पीछा शुरू किया और रास्ते में अपने साथियों को सूचित कर घेराबंदी कर ली। आखिरकार रणजीतपुरा और रावला के बीच ग्रामीणों ने शिकारियों की गाड़ी रोक ली। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी

