बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैम्पर गाड़ी से उत्पात मचाने वाला 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
बीकानेर. बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुनील ज्यानी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर व्यास कॉलोनी क्षेत्र में कैंपर गाड़ी से उत्पात मचाने और मारपीट करने के गंभीर आरोप थे, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई IPS अनुष्ठा कालिया के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन में DST प्रभारी विश्वजीत सिंह की टीम और CI सुरेन्द्र पचार की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील ज्यानी व्यास कॉलोनी क्षेत्र में कैंपर गाड़ी से लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने और कानून व्यवस्था भंग करने की घटनाओं में शामिल रहा है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य वारदातों और सहयोगियों के बारे में भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

