पिछले 5 वर्षों में हुई भर्तियों की जांच तेज, संयुक्त निदेशकों से मांगी गई सत्यापन रिपोर्ट

बीकानेर. माध्यमिक शिक्षा विभाग में पिछले पांच वर्षों के दौरान भर्ती किए गए राज्य कर्मचारियों की जांच को लेकर विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में सभी संयुक्त निदेशकों, स्कूल शिक्षा संभाग कार्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि विगत पांच वर्षों में भर्ती किए गए कर्मचारियों के मामलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी और नियुक्ति पर कार्यरत कार्मिक एक ही व्यक्ति हो। इसके साथ ही कर्मचारियों की शैक्षणिक पात्रता से जुड़े दस्तावेज, आवेदन पत्र, फोटो, हस्ताक्षर आदि की गहन जांच की जाए।
विधानसभा अनुभाग से प्राप्त अनौपचारिक टिप्पणी दिनांक 23 जनवरी 2026 के संदर्भ में यह जानकारी मांगी गई है कि
पूर्व सरकार के कार्यकाल में दी गई नियुक्तियों की जांच की जा रही है या नहीं, और यदि की जा रही है तो किन विभागों व किन कार्मिकों का कब-कब सत्यापन किया गया।
इससे पूर्व शासन के 6 जनवरी 2024 के निर्देशों के क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय स्तर पर अतिरिक्त निदेशक की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। समिति की अनुशंसा पर 31 अगस्त 2024 को सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों को जिला स्तर पर संदिग्ध मामलों की जांच कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए थे।
अब संयुक्त निदेशकों से कहा गया है कि जिन कार्मिकों का सत्यापन किया जा चुका है, उनकी भर्ती का नाम व वर्ष, कार्मिक का नाम, जन्मतिथि, पद, पदस्थापन स्थान, जिला/मंडल और सत्यापन की तिथि सहित पूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में हस्ताक्षरित तथा एक्सेल फॉर्मेट में सॉफ्ट कॉपी आज ही उपलब्ध कराई जाए।

