लूणकरणसर में बनेगा मिनी सचिवालय, प्रशासनिक सेवाएं होंगी आसान
Bikaner News Politics

लूणकरणसर में बनेगा मिनी सचिवालय, प्रशासनिक सेवाएं होंगी आसान

Feb 17, 2026
बीकानेर. राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को बजट पर बहस के दौरान अहम घोषणा करते हुए लूणकरणसर में मिनी सचिवालय बनाने की स्वीकृति दी। इस घोषणा के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह मिनी सचिवालय बनने से आमजन को विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्व, उपखंड सहित कई प्रशासनिक कार्यालय एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे, जिससे कामकाज तेज, सरल और पारदर्शी होने की उम्मीद है।
दरअसल, इस मांग को कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने प्रमुखता से रखा था। अब सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।
घोषणा पर मंत्री सुमित गोदारा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय प्रशासन मजबूत होगा और लोगों को सरकारी सेवाएं समय पर मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कदम राजस्थान सरकार की ग्रामीण विकास और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।