बीकानेर में बदला मौसम, बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे, तापमान गिरा
बीकानेर. बीकानेर में मौसम ने मंगलवार रात अचानक करवट ली और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान करीब दस मिनट तक चने के आकार के ओले गिरते रहे। लंबे समय से सूखे जैसे हालात झेल रहे शहरवासियों को इस अचानक हुई बारिश ने राहत दी और कई लोग घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।
दिन में जहाँ सूरज की तेज धूप से लोग बेहाल रहे तो शाम होते होते शहर में बादलों की आवाजाही लगी रही। बारिश और ओलावृष्टि से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि कुछ इलाकों में ओलों के कारण हल्की फुल्की फसल क्षति की आशंका भी जताई जा रही है।
मौसम बदलने के इस नजारे को लोगों ने मोबाइल में कैद किया और सोशल मीडिया पर वीडियो व फोटो शेयर किए।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से इस तरह का बदलाव देखने को मिला है और अगले एक-दो दिन तक मौसम इसी तरह सुहावना बना रह सकता है।

