बीजेपी नेता के भाई से 20 लाख की लूट, पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने की मारपीट
बीकानेर. बीकानेर में बीजेपी नेता के भाई से लूट का मामला सामने आया है. जिसमें बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर लूट की और मारपीट भी की. यह घटना
पंजाब के लुधियाना में मंगलवार रात की है। जिसमें नवरत्न सुराणा और उनकी पत्नी रेखा सुराणा को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। रात करीब 10 बजे सुंदरनगर थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब दंपती घर से मंदिर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में दंपती को रोक लिया और पिस्टल दिखाकर डराया। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट भी की और जेवरात छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
बता दे कि पीड़ित नवरत्न सुराणा राजस्थान के गंगाशहर के निवासी बताए जा रहे हैं और वे भारतीय जनता पार्टी नेता मोहन सुराणा के भाई हैं। वारदात की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्धों की तलाश में टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह घटना सुनियोजित लग रही है और बदमाशों को दंपती के पास कीमती जेवर होने की जानकारी पहले से हो सकती है। आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। ऐसे में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

