आवारा कुत्तों का आतंक: एक सप्ताह में 40 से अधिक भेड़-बकरियां बनी शिकार
बीकानेर. छत्तरगढ़ क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे पशुपालकों में दहशत का माहौल है। मामला ग्राम पंचायत खारवाली का है, जहां पिछले एक सप्ताह के भीतर 40 से अधिक भेड़-बकरियों को आवारा कुत्तों ने अपना शिकार बना लिया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय पशुपालकों का कहना है कि रात के समय कुत्तों के झुंड खेतों और बाड़ों में घुसकर पशुओं पर हमला कर रहे हैं। कई परिवारों की दर्जनों भेड़-बकरियां मर चुकी हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा और तत्काल राहत व मुआवजे की मांग की। ज्ञापन में आवारा कुत्तों को पकड़ने, क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक सहायता देने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है।

