बीकानेर में नकली खाद-कीटनाशक पर बड़ी कार्रवाई: 8 लाइसेंस निलंबित, एक निरस्त

बीकानेर. किसानों की फसलों से खिलवाड़ करने वाले नकली खाद और कीटनाशक के कारोबार पर कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 8 खाद-बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि एक फर्म का लाइसेंस पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से जिले के कृषि व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग ने पिछले वर्ष जिले की कई खाद-बीज फर्मों की जांच की थी। जांच के दौरान दस्तावेजों और उत्पादों में गड़बड़ियां सामने आईं। नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गुणवत्ता के आधार पर संबंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग ने इस पूरे मामले में पुलिस में भी प्रकरण दर्ज करवा रखा है, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सबसे गंभीर मामला नोखा की सरिका एग्रो एजेंसी से जुड़ा सामने आया है। जांच में पाया गया कि फर्म ने फर्जी अंकतालिका के आधार पर खाद-बीज विक्रय लाइसेंस प्राप्त किया था। दस्तावेजों की पुष्टि के दौरान अंकतालिका फर्जी पाई गई, जिसके बाद विभाग ने लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदनलाल ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए विभाग लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि नकली खाद और कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

