रणजीतपुरा में बालिका दुष्कर्म और हत्या मामला: पोस्टमार्टम शुरू, 89 लाख की सहायता जुटी
Bikaner News

रणजीतपुरा में बालिका दुष्कर्म और हत्या मामला: पोस्टमार्टम शुरू, 89 लाख की सहायता जुटी

Feb 24, 2026

बीकानेर. बज्जू के रणजीतपुरा क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में शुरू हुई।

 

पोस्टमार्टम के दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लता मनोज भी बज्जू थाने में डेरा डाले हुए हैं और पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रही हैं।

 

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाएगी तथा आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी। पुलिस की विशेष टीमें साक्ष्य जुटाने और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर केस को मजबूत बनाने में जुटी हैं।

 

 

इधर, पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता के लिए क्षेत्र के भामाशाहों और सामाजिक संगठनों ने आगे आकर सहयोग किया है। अब तक करीब 89 लाख रुपए की सहायता राशि एकत्रित की जा चुकी है।इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

 

 

विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से आवास उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है, ताकि परिवार को स्थायी सहारा मिल सके। साथ ही राज्य सरकार से एक करोड़ रुपए की अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग मुख्यमंत्री को भेजने की तैयारी है।

 

 

प्रशासन ने परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का प्रस्ताव भी रखा है, जिससे उन्हें दीर्घकालिक आर्थिक संबल मिल सके। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों ने दोषी को शीघ्र कड़ी सजा देने की मांग की है।