खेत में अफीम की अवैध खेती, 938 पौधे जब्त, 16 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद, एक गिरफ्तार
बीकानेर. बज्जू क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के चक 11 केएचडी रोही चारणवाला स्थित एक खेत में दबिश देकर पुलिस ने 938 अफीम के पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरे खेत की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां बड़ी संख्या में अफीम के पौधे लगे पाए गए। जब्त किए गए मादक पदार्थ का कुल वजन 16 किलो 88 ग्राम बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से अवैध खेती के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

