धरणीधर मैदान में शनिवार को होगा ‘फागणिया फुटबॉल’ मुकाबला, सोनी स्पोर्ट्स पर होगा सीधा प्रसारण
Bikaner News

धरणीधर मैदान में शनिवार को होगा ‘फागणिया फुटबॉल’ मुकाबला, सोनी स्पोर्ट्स पर होगा सीधा प्रसारण

Feb 27, 2026

 

बीकानेर. फागणिया फुटबॉल आयोजन समिति की ओर से पारंपरिक एवं मनोरंजक “फागणिया फुटबॉल” मैच का आयोजन शनिवार, 28 फरवरी को धरणीधर मैदान में सांय 5 बजे किया जाएगा। इस अनोखे मुकाबले को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल रंगा ने बताया कि मैच में विचित्र वेशभूषा धारण किए स्त्रियों की टीम और पुरुषों की टीम आमने-सामने होंगी, जो इस आयोजन की विशेष पहचान है। सचिव सीताराम कच्छावा ने जानकारी दी कि अब तक प्रतियोगिता के लिए 35 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागी विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हस्तियों, फिल्मी कलाकारों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पात्रों के स्वांग में मैदान में उतरेंगे। इनमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू, चार्ली चैपलिन, शिवाजी, बनी-ठनी, मिस इंडिया सहित कई देवी-देवताओं और प्रसिद्ध हस्तियों के रूप शामिल होंगे, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर धरणीधर मैदान में अध्यक्ष कन्हैयालाल रंगा, मैदान समिति प्रभारी दुर्गाशंकर आचार्य, गोपालकृष्ण हर्ष, जगमोहन आचार्य, किशन स्वामी, गिरिराज पुरोहित, महेंद्र पुरोहित और चंद्रपाल सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अंतिम रूप दिया।

आयोजन समिति के अनुसार महिला स्वरूप धारण कर खेलने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स चैनल पर किए जाने की भी जानकारी दी गई है।