ग्रीन एडवांसमेंट इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी 28 को
बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में 28 फरवरी 2026 को “ग्रीन एडवांसमेंट इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी विशेष रूप से भारतीय ज्ञान परंपरा” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधार्थी एवं विद्वान भाग लेकर विज्ञान और भारतीय ज्ञान प्रणाली के समन्वय पर विचार विमर्श करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ग्रीन केमिस्ट्री एवं रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री, लंदन (नॉर्थ इंडिया रीजन) तथा ग्रीन केमिस्ट्री नेटवर्क सेंटर, हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। सम्मेलन का मुख्य फोकस भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संबंधों को स्थापित करना रहेगा।
कॉन्फ्रेंस संयोजक डॉ. हेमेंद्र भंडारी के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु प्रो. मनोज दीक्षित होंगे, जबकि कॉन्फ्रेंस पैट्रन एवं मुख्य वक्ता रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री, लंदन के सेक्रेटरी प्रो. आर.के. शर्मा रहेंगे।
संगोष्ठी में पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश-विदेश के 20 प्रमुख वैज्ञानिक अपने शोध व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। भारतीय ज्ञान प्रणाली पर एक विशेष सत्र भी रखा गया है। प्रताप सभागार में पोस्टर गैलरी स्थापित की जाएगी, जहां भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विज्ञान दर्शन से जुड़े शोध कार्य प्रदर्शित होंगे। साथ ही ई-पोस्टर का विशेष ऑनलाइन सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य वैज्ञानिक संवाद को बढ़ावा देना, विचारों का आदान-प्रदान करना तथा युवा शोधार्थियों को अनुसंधान के लिए प्रेरित करने हेतु मंच उपलब्ध कराना है।
संगोष्ठी में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में लद्दाख विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के अध्यक्ष प्रो. एस.के. मेहता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हंगरी के BUTE विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जॉर्जी केगलीविच शामिल होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश-विदेश से लगभग 150 से 200 वैज्ञानिक, भारतीय ज्ञान परंपरा के विद्वान, शोधार्थी एवं छात्राएं भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त 1 मार्च 2026 को रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम इंटरनेशनल वीडियो फिल्म एवं ई-पोस्टर कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया जाएगा।
आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुरुचि गुप्ता, डॉ. उमा राठौर, डॉ. राजाराम, डॉ. एस.के. यादव, डॉ. मधुसूदन शर्मा, डॉ. एस.के. वर्मा, डॉ. राजेंद्र सिंह एवं कन्वीनर डॉ. एस.एन. जाटोलिया सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

