पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुकान के ताले तोड़कर मोबाइल चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार, 8 मोबाइल बरामद

बीकानेर. पुलिस थाना मुक्ताप्रसाद नगर ने बड़ी कार्रवाई की है. रात्रि के समय दुकान के ताले तोड़कर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार परिवादी मोहम्मद मोहसिन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह गली नंबर 02, मैन मार्केट रामपुरा लालगढ़ स्थित अपने इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान का संचालन करता है। 7 जनवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 15 मोबाइल फोन तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस संबंध में पुलिस थाना मुक्ताप्रसाद नगर में प्रकरण संख्या 10/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्रसिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा वृताधिकारी नगर अनुज डाल के निर्देशन में थानाधिकारी विजेन्द्र कुमार सीला के सुपरविजन में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए
1. तुषार उर्फ ढींगला (19 वर्ष) निवासी गंगासिंह चौक झुग्गी-झोपड़ी, थाना कोतवाली, जिला श्रीगंगानगर
2. राजन उर्फ राजू (20 वर्ष) निवासी रवि चौक, पुरानी आबादी, थाना पुरानी आबादी, जिला श्रीगंगानगर
को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी पूर्व में भी चालानशुदा बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से चोरी के 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।

