धर्मयात्रा को सफल बनाने में फोर्टी निभाएगा अहम भूमिका
Bikaner News Business

धर्मयात्रा को सफल बनाने में फोर्टी निभाएगा अहम भूमिका

Mar 14, 2026

 

बीकानेर। भारतीय नववर्ष समिति द्वारा 19 मार्च को प्रस्तावित धर्मयात्रा को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा ने फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) के संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी से मुलाकात कर सहयोग का आग्रह किया। इस दौरान कल्याणी ने धर्मयात्रा को सफल बनाने में फोर्टी की सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

समिति अध्यक्ष गणेश बोथरा ने बताया कि पिछले कई दशकों से हिंदू धर्मयात्रा बीकानेर में पूरे उत्साह और जोश के साथ निकलती आ रही है और इसे शहरवासियों का भरपूर समर्थन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें समिति का अध्यक्ष बनने की जिम्मेदारी मिली है, जिसके तहत वे शहर की आम जनता के साथ-साथ उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े लोगों से भी धर्मयात्रा में भाग लेने तथा अपनी इकाइयों के श्रमिकों को भी इसमें शामिल करने की अपील कर रहे हैं।

समारोह समिति के सदस्य भंवर पुरोहित ने कहा कि यह यात्रा केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे बीकानेर के राष्ट्रप्रेमी लोगों की है। ऐसे में सभी को मिलकर इसे और अधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाना चाहिए। वहीं समिति के राजेश चूरा ने कहा कि हिंदू नववर्ष का स्वागत पूरे उत्साह और गौरव के साथ करना हम सभी का कर्तव्य है।

फोर्टी के संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी ने कहा कि धर्मयात्रा को सफल बनाने में फोर्टी अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ेगा और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा। वहीं सी.एम. मूंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट बीकानेर के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि उनका संगठन हर वर्ष उद्यमियों और व्यापारियों के समूह के साथ धर्मयात्रा में भाग लेता है और इस वर्ष भी यात्रा को और अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर उद्यमियों और व्यापारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में विजय कोचर, किशोर बांठिया, द्वारकाप्रसाद पचीसिया, श्रीराम सींगी, श्यामसुंदर सोनी, जयकिशन अग्रवाल, पी.सी. गोयल, नरेश मित्तल, सुशील बंसल, विमल सिंह चोरड़िया, लूणकरण सेठिया, राजकुमार पचीसिया, वीरेंद्र किराडू, विजय चांडक, पारस डागा, दिलीप रंगा, राजाराम सारडा, निर्मल पारख, कुंदनमल बोहरा, अश्विनी पचीसिया, राजीव शर्मा, गुरदीप शर्मा, मनीष नाहटा, विपिन मुसरफ, रोहित पित्ती, प्रतीक अग्रवाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।