बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्र में जल संकट को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों ने कलक्टर से की मुलाकात
Bikaner News Business

बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्र में जल संकट को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों ने कलक्टर से की मुलाकात

Mar 14, 2026

 

बीकानेर। बीछवाल और करणी औद्योगिक क्षेत्र में जल आपूर्ति बंद होने से उत्पन्न संकट को लेकर फोर्टी संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी, द्वारकाप्रसाद पचीसिया तथा बीछवाल उद्योग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कंसल ने जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि से मुलाकात कर जनहित में हस्तक्षेप करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

मनमोहन कल्याणी ने बताया कि 12 मार्च 2026 से रीको द्वारा बीछवाल और करणी औद्योगिक क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। इसके कारण इन क्षेत्रों में संचालित सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों, आवासीय कॉलोनियों तथा हजारों श्रमिकों के सामने गंभीर जल संकट की स्थिति बन गई है और जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन भी स्थित है, जिसकी जल आपूर्ति भी रीको पर ही निर्भर है। ऐसे में यदि किसी प्रकार की आगजनी की घटना होती है तो पानी की उपलब्धता नहीं होने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बढ़ सकती है।

बीछवाल उद्योग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कंसल ने बताया कि राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुसार यह पाया गया है कि रीको द्वारा केंद्रीय भूजल प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति के बिना भूजल का दोहन किया जा रहा था। इसी के चलते जिला प्रशासन ने रीको के सभी बोरवेलों के विद्युत कनेक्शन काट दिए हैं, जिससे बीछवाल सहित करणी औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है। इससे उद्योगों के संचालन के साथ-साथ पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है।

बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र के सचिव गौरव माथुर ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद रहने से क्षेत्र में स्थित सरकारी डिस्पेंसरी में कार्यरत चिकित्सकों और मरीजों के साथ-साथ आसपास की रिहायशी कॉलोनियों के लोगों के लिए भी दैनिक जीवन यापन करना कठिन हो जाएगा।

इस अवसर पर नरेश मित्तल, अनंतवीर जैन, गौरव माथुर, विकास तापड़िया और भंवरलाल चांडक सहित अन्य उद्योग प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।