मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में आयोजित हुआ चिकित्सा शिविर, महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
Bikaner News

मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में आयोजित हुआ चिकित्सा शिविर, महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

Mar 14, 2026

 

बीकानेर. जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देशानुसार शुक्रवार को ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान, बीकानेर द्वारा संचालित अपना परिवार सेवा सदन स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, चक गर्बी में नि:शुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने पुनर्वास गृह में निवासरत महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई।

ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान के अध्यक्ष रामेश्वरलाल बिश्नोई ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। शिविर में दम्मानी पीबीएम अस्पताल, बीकानेर से सीनियर रेजिडेंट डॉ. चमेंद्र सब्लेनिया, जे.आर. अस्पताल व्यास कॉलोनी, बीकानेर के ईएनटी विभाग से ओप्थेल्मिक असिस्टेंट अभिषेक गहलोत तथा जनता युवाम अस्पताल, चक गर्बी से मुनीलाल भादू ने उपस्थित रहकर लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की।

इस दौरान डॉ. चमेंद्र सब्लेनिया ने मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में निवासरत कुल 48 लाभार्थियों में से 16 मनोरोगी मरीजों के लिए संस्था द्वारा तैयार किए गए व्यक्तिगत मेडिकल दस्तावेजीकरण की सराहना की। उन्होंने प्रत्येक मनोरोगी की विस्तारपूर्वक जांच कर उपचार एवं दवाइयों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

शिविर में महिलाओं को संतुलित आहार लेने, घर-परिवार में स्वच्छता बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। बड़ी संख्या में महिलाओं और लाभार्थियों ने शिविर में भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद वर्ग को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

संस्थान के मैनेजर जियाउर्रहामान चौहान ने बताया कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्थान अध्यक्ष रामेश्वरलाल बिश्नोई ने चिकित्सक दल का साफा पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा जिला कलक्टर एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संस्था के मैनेजर जियाउर्रहामान चौहान, पूनम चौधरी, केयरटेकर संतोष चौधरी, विनोद कुमार, नर्सिंग ऑफिसर सुमन चौधरी, सोहन लाल, मुकेश कुमार, भवरलाल, निरमा, पूजा, रजनी शर्मा, लक्ष्मी देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।