चलती ट्रेन में बड़ा हादसा टला: नोखा स्टेशन पर ग्रामीण की सूझबूझ से बची 9 साल की बच्ची की जान
बीकानेर. नोखा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान 9 साल की बच्ची ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण की तत्परता और सूझबूझ से बच्ची की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, दादर जाने वाली ट्रेन में एक महिला अपनी दो बच्चियों के साथ सवार हो रही थी। इसी दौरान जब तीसरी बच्ची ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी ट्रेन ने अचानक गति पकड़ ली। संतुलन बिगड़ने से बच्ची ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना को देख वहां मौजूद एक ग्रामीण ने तुरंत साहस दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर खींच लिया। कुछ ही सेकंड की देरी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन समय रहते की गई मदद से बच्ची पूरी तरह सुरक्षित बच गई।

