निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, दो लोग गंभीर घायल
Bikaner News

निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, दो लोग गंभीर घायल

Mar 26, 2026

 

बीकानेर. पूगल थाना इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन मकान की छत अचानक गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

 

 

जानकारी के अनुसार पूगल थाना क्षेत्र के 5 पीबी गांव में एक निर्माणाधीन मकान की छत डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक छत भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में मकान मालिक 50 वर्षीय रफीक खां और 30 वर्षीय मिस्त्री मुकेश आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

 

 

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकालकर खाजूवाला अस्पताल पहुंचाया। यहां रफीक खां की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया गया। वहीं मिस्त्री मुकेश को सीधे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

 

 

 

 

हादसे की सूचना मिलते ही खाजूवाला पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से यह हादसा हुआ।