पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी की मुख्य सचिव से मुलाकात, बीकानेर की सड़कों-सीवरेज सुधार कार्य शुरू
बीकानेर. बीकानेर शहर की बदहाल आधारभूत सुविधाओं को लेकर पूर्व सिंचाई मंत्री देवी सिंह भाटी ने राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्य सचिव ने भाटी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और शहर की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुलाकात के दौरान भाटी ने बीकानेर जिला मुख्यालय की क्षतिग्रस्त सड़कों, जर्जर नालों और सीवरेज व्यवस्था की खराब स्थिति को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और सार्वजनिक निर्माण विभाग के पास पर्याप्त बजट होने के बावजूद लापरवाही के कारण धरातल पर कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष की बजट राशि अभी तक उपयोग में नहीं लाई गई, जबकि नया बजट भी आवंटित हो चुका है।
भाटी द्वारा उठाए गए मुद्दों को मुख्य सचिव ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव (पीडब्ल्यूडी) प्रवीण गुप्ता को भी अवगत कराया गया। इसके बाद प्रवीण गुप्ता ने स्वयं भाटी से दूरभाष पर बातचीत कर शहर की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
भाटी ने जानकारी दी कि उनकी पहल के बाद मात्र एक सप्ताह के भीतर ही बीकानेर में ग्राउंड जीरो पर काम शुरू हो गया है। जिला प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बीकानेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बीकानेर शहर की सड़कों, नालों और सीवरेज व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
इस मुलाकात के दौरान कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी भी मौजूद रहे।

