राम जन्मोत्सव पर प्लास्टिक मुक्त बीकानेर का संकल्प, निशुल्क कपड़े के थैले वितरित
Bikaner News

राम जन्मोत्सव पर प्लास्टिक मुक्त बीकानेर का संकल्प, निशुल्क कपड़े के थैले वितरित

Mar 26, 2026

बीकानेर. मानव चेतना जागृति प्रन्यास की ओर से जवाहर नगर स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित रामचरितमानस कथा एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भव्य समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया और इसी के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को निशुल्क कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई।

 

 

कार्यक्रम के दौरान कथक गुरु वीणा जोशी के सानिध्य में उनकी शिष्याओं ने “श्री रामचंद्र कृपालु भजमन” और रामचरितमानस की चौपाइयों पर शास्त्रीय कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वेदांशी गौतम सहित अन्य कलाकारों ने मां दुर्गा की आराधना को भी नृत्य के माध्यम से जीवंत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संगीत संयोजन नवरत्न जोशी और तेजस जोशी द्वारा किया गया।

 

 

 

कथा के समापन अवसर पर गोपाल उपाध्याय ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि रामचरितमानस की कथा हर घर और मंदिर में होनी चाहिए।

 

 

 

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण ही समाज और परिवार को सुदृढ़ बना सकता है। वहीं भैरव भवानी ज्योतिष तंत्र शोध संस्थान के संस्थापक युगल नारायण रंगा ने नवरात्रि की महिमा तथा मां भगवती के पूजन की विधियों का विस्तार से वर्णन किया।

 

 

 

 

कथा व्यास आचार्य राजेंद्र जोशी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बीकानेर के सर्वांगीण विकास के साथ “स्वच्छ बीकानेर, प्लास्टिक मुक्त बीकानेर” का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि घर-घर हनुमान चालीसा के पाठ के माध्यम से युवाओं को नशे, अपराध और आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

 

 

आचार्य जोशी ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। जब तक लोग दूसरों को दोष देते रहेंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। प्रशासन और समाज के सामंजस्य से ही सच्चे अर्थों में “रामराज्य” की स्थापना हो सकती है।

 

 

 

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक उपाध्याय, मूलचंद उपाध्याय और विजय कपूर का विशेष योगदान रहा। समापन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।