बॉर्डर 2 की एक्ट्रेस मेधा राणा का बीकानेर दौरा, नरेंद्र भवन में रॉयल फोटोशूट से बटोरी सुर्खियां

बीकानेर। Border 2 की एक्ट्रेस मेधा राणा हाल ही में बीकानेर पहुंचीं, जहां उन्होंने शहर की मशहूर हेरिटेज प्रॉपर्टी नरेंद्र भवन में ठहरकर रॉयल अंदाज में फोटोशूट कराया। उनके इस दौरे और फोटोशूट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि, मेधा राणा बीकानेर किस उद्देश्य से आई थीं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे उनके दौरे को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 18 मार्च को शेयर की गई पोस्ट में मेधा राणा को भवन के शानदार इंटीरियर में अलग-अलग लोकेशनों पर पोज देते हुए देखा गया। खासकर पियानो के पास और कांच के सामने खड़े होकर कराया गया उनका फोटोशूट लोगों को काफी पसंद आ रहा है। शाम के समय की रोशनी और हेरिटेज माहौल ने तस्वीरों को और भी आकर्षक बना दिया।
करियर में तेजी से आगे बढ़ रहीं मेधा
मेधा राणा ने साल 2022 में वेब सीरीज London Files से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने नेटफ्लिक्स की फिल्म Friday Night Plan (2023) में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अब वह फिल्म Border 2 में नजर आएंगी, जिसमें वह वरुण धवन की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।
आर्मी बैकग्राउंड से खास जुड़ाव
मेधा का संबंध एक सैन्य परिवार से है। उनके दादा, चाचा और पिता भारतीय सशस्त्र बलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यही वजह है कि देशभक्ति से जुड़ी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में उनकी भूमिका को खास माना जा रहा है।
शिक्षा और मॉडलिंग से अभिनय तक का सफर
25 दिसंबर 1999 को जन्मी मेधा ने बेंगलुरु की Christ University से BBA (फाइनेंस और मार्केटिंग) की पढ़ाई की है। अभिनय से पहले वह मॉडलिंग में भी सक्रिय रही हैं और अब फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही हैं।

