शॉर्ट सर्किट से खेत में लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बचाई फसल

बीकानेर. बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में खेत में आग लगने की घटना सामने आई। मामला महाजन के मोखमपुरा चक 196 आरडी का है, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण खड़ी फसल में अचानक आग भड़क उठी।
जानकारी के अनुसार, बिजली के ढीले तारों से निकली चिंगारी खेत में गिरने से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया, जिससे खेत में खड़ी फसल जलने लगी। किसानों ने कड़ी मेहनत से इस फसल को तैयार किया था, लेकिन आग लगने से उनका नुकसान होने लगा।
हालांकि, समय रहते ग्रामीणों और किसानों ने मिलकर साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। सभी ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और आखिरकार आग पर काबू पा लिया। यदि समय पर प्रयास नहीं किए जाते, तो पूरी फसल जलकर राख हो सकती थी।
इस घटना में कुछ फसल जरूर जली, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से जौ की बड़ी फसल को बचा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

