दुल्हन बनकर आई महिला, लाखों रूपये और जेवरात की ठगी कर फरार

बीकानेर. बीकानेर जिले के छतरगढ़ क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक परिवार को दुल्हन बनकर आई महिला और उसके साथियों ने सुनियोजित तरीके से लाखों रुपये और जेवरात की ठगी कर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, शादी के लिए करीब 1 लाख 85 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने दिए गए थे। शादी के बाद दुल्हन ने परिवार में किसी की मौत का बहाना बनाकर मायके जाने की बात कही और मौका पाकर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गई।
घटना के बाद जब पीड़ित पक्ष ने दुल्हन और उसके कथित रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की तो उनके मोबाइल नंबर बंद और ब्लॉक मिले। जब पीड़ित आरोपी पक्ष के पास पहुंचे तो सभी लोगों ने पहचान से ही इनकार कर दिया और पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। आरोपियों ने फर्जी पहचान और झूठे रिश्तेदार बनकर पीड़ित परिवार को जाल में फंसाया। दुल्हन ने एक गैंग के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने दुल्हन सहित 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई काशीराम कस्वां को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

