बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रथम एलुमनाई मीट का आयोजन
बीकानेर. बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूसीईटी) द्वारा प्रथम एलुमनाई मीट का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभर से पूर्व विद्यार्थी अपने परिवारजनों सहित शामिल हुए और अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा किया।
बीटीयू के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि पहली बार आयोजित इस एलुमनाई मीट में पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अध्ययनकाल के अनुभव साझा किए और शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह चर्चा और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को आपसी संवाद के साथ संस्थान के विकास में सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीकाराम चांदमल ग्रुप के निदेशक आशीष अग्रवाल ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि बीटीयू के विद्यार्थी देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में कार्य करते हुए संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकादमिक उत्कृष्टता के कारण विश्वविद्यालय निरंतर नवाचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कुलसचिव रचना भाटिया ने कहा कि यह आयोजन पूर्व विद्यार्थियों के साथ बिताए गए स्वर्णिम पलों को पुनर्जीवित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एलुमनाई किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को नवाचार, विचार-मंथन और विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलुमनाई विश्वविद्यालय की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सफलताएं संस्थान की गुणवत्ता और मूल्यों का प्रमाण हैं।
इस अवसर पर कुलसचिव रचना भाटिया, वित्त नियंत्रक हनुमान प्रसाद, डीन एकेडमिक डॉ. सुधीर भारद्वाज, यूसीईटी प्राचार्य डॉ. परबंत सिंह संधू, डीन एलुमनाई अफेयर्स डॉ. ममता शर्मा पारीक, एसोसिएट डीन डॉ. गायत्री शर्मा सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन में अभिषेक, मृदुल, निरंजन, खुशी, मानसी, मानव, नेहा, दिशु, जानवी और देवेश सहित विद्यार्थी टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. परबंत सिंह संधू के स्वागत उद्बोधन से हुई, जबकि अंत में डीन डॉ. ममता शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिभागी विद्यार्थियों ने इसे प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि एलुमनाई की सफलता की कहानियां उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति अधिक समर्पित बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

