बीकानेर के टेंट व्यवसायियों का बड़ा फैसला: बाल विवाह में नहीं लगाएंगे टेंट
Bikaner News

बीकानेर के टेंट व्यवसायियों का बड़ा फैसला: बाल विवाह में नहीं लगाएंगे टेंट

Apr 15, 2026

 

बीकानेर। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए अब सामाजिक संगठनों के साथ-साथ व्यवसायिक वर्ग भी आगे आ रहा है। बीकानेर में जिला टेंट व्यवसाय वेलफेयर समिति ने एक अहम निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि बाल विवाह कराने वालों के यहां टेंट नहीं लगाया जाएगा।

 

 

समिति के संभागीय अध्यक्ष पूनमचंद कच्छावा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की बाल विवाह रोकने की मुहिम को समर्थन देते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि टेंट व्यवसायी समाज की इस बुराई को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

 

 

जरूरतमंद कन्याओं को देंगे सहयोग

समिति ने यह भी तय किया है कि जहां बाल विवाह का विरोध किया जाएगा, वहीं जरूरतमंद और योग्य आयु की कन्याओं के विवाह में टेंट व्यवसायी आर्थिक रूप से राहत प्रदान करेंगे। टेंट और सजावट में अधिकतम छूट देकर सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश की जाएगी।

 

 

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लोकेश चतुर्वेदी ने बताया कि नवगठित जिला टेंट व्यवसाय वेलफेयर समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को बल्लभ गार्डन स्थित हेम मंजरी गार्डन में आयोजित होगा।

 

 

 

शपथ ग्रहण समारोह में जुटेंगे प्रदेशभर के व्यवसायी

समारोह में डॉ. रविन्द्र जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जो ऑल इंडिया टेंट डेकोरेशन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में जुगल राठी (बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष) और रासबिहारी शर्मा (प्रदेशाध्यक्ष) कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

 

 

इसके अलावा प्रदेश महामंत्री रजनीश शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष मुकेश छींपा, प्रदेश संरक्षक पर्वत सिंह, डी.पी. पच्चीसिया और बाबूलाल रानावत सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

नई कार्यकारिणी लेगी शपथ

समारोह में अध्यक्ष राजेन्द्र काला, सचिव किशन लाल प्रजापत, कोषाध्यक्ष भागीरथ गहलोत सहित पूरी कार्यकारिणी शपथ लेगी।

जीएसटी और समस्याओं पर होगा मंथन

अध्यक्ष राजेन्द्र काला ने बताया कि शपथ ग्रहण के बाद प्रदेश और जिलेभर से आए टेंट व्यवसायियों की बैठक भी आयोजित होगी। इस बैठक में जीएसटी से जुड़ी समस्याओं, व्यापार में आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके बाद सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 100 टेंट व्यवसायियों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों को लेकर हाल ही में आयोजित बैठक में चन्द्र प्रकाश भाटी, बुलाकी चौधरी, बसंत चांडक, प्रेम, नंदू सिंह, भीमसेन, मनोज कुमार और विमल कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।