बीकानेर प्रशासन अलर्ट, हर पेट्रोल पंप पर 5000 लीटर डीजल आरक्षित रखने के आदेश

बीकानेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 अप्रैल को प्रस्तावित बालोतरा दौरे को लेकर बीकानेर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए ईंधन की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अहम निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी डीजल विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि 20 से 22 अप्रैल के बीच प्रत्येक पेट्रोल पंप पर न्यूनतम 5000 लीटर डीजल का स्टॉक आरक्षित रखा जाए। खास बात यह है कि यह स्टॉक सामान्य डेड स्टॉक से अलग रखा जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपयोग में लिया जा सके।
प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहन पहुंचेंगे। ऐसे में ईंधन की किसी भी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए पहले से ही यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक इन निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की इस पहल से कार्यक्रम के दौरान यातायात और परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

