बीकानेर को मिला लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी का नया तोहफा, ‘AURA by the Thar’ से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
बीकानेर। मरुधरा की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम अब बीकानेर को एक नई पहचान देने जा रहा है। AURA by the Thar के रूप में शहर को एक भव्य और आधुनिक होटल मिलने जा रहा है, जो पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है।
जयपुर रोड स्थित इस होटल के शुभारंभ से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रबंधन ने इसकी विशेषताओं और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बागड़ी परिवार के मयंक बागड़ी, मनन बागड़ी, दीपा बागड़ी और मिहिर बागड़ी ने बताया कि होटल को पारंपरिक राजस्थानी शैली और आधुनिक लग्ज़री सुविधाओं के संतुलन के साथ तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि बीकानेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। उनका लक्ष्य बीकानेर को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी मानचित्र पर स्थापित करना है।
होटल में आने वाले मेहमानों को आधुनिक सुविधाओं के साथ राजस्थानी खानपान, लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्कृष्ट सेवा का अनुभव मिलेगा। प्रबंधन का दावा है कि यहां ठहरने वाले पर्यटकों को ‘रॉयल एक्सपीरियंस’ का अहसास कराया जाएगा।
इसके अलावा होटल में भविष्य में कॉर्पोरेट इवेंट्स, डेस्टिनेशन वेडिंग और सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन की भी योजना है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को होटल का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना की।
होटल प्रबंधन ने विश्वास जताया कि ‘AURA by the Thar’ बीकानेर के आतिथ्य क्षेत्र में नई दिशा तय करेगा और शहर को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

