रेलवे स्टेडियम में रोमांच चरम पर, आज ओमान क्रिकेट क्लब लाडनूं और मकराना क्रिकेट क्लब के बीच फाइनल मुकाबला

बीकानेर। मेड़तियान सिलावट समाज बीकानेर की ओर से आयोजित सिलावट समाज क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-3 (2026) अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। शहर के रेलवे स्टेडियम बीकानेर में चल रहे इस प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट का आज हाई वोल्टेज फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांच अपने चरम पर रहा। पहले सेमीफाइनल में बीकानेर रॉयल्स और ओमान क्रिकेट क्लब लाडनूं के बीच मुकाबला हुआ। बीकानेर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 93 रन बनाए। जवाब में ओमान क्रिकेट क्लब की ओर से मंसूर अली ने शानदार 55 रनों की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। लाडनूं की टीम ने लक्ष्य 10.1 ओवर में हासिल कर लिया। इस मैच में कप्तान हमीद सोलंकी को शानदार गेंदबाजी (4 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में मकराना क्रिकेट क्लब और बीदासर स्पोर्ट्स के बीच मुकाबला हुआ। मकराना टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 131 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीदासर टीम 76 रन पर सिमट गई। मकराना के इरशाद को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबला शुक्रवार सुबह 8 बजे ओमान क्रिकेट क्लब लाडनूं और मकराना क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा। खास बात यह है कि पिछले साल लाडनूं में आयोजित प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट में भी यही दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं, ऐसे में इस बार का मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
क्रिकेट प्रेमियों के बीच फाइनल को लेकर जबरदस्त उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। यह मुकाबला न केवल खेल भावना का प्रदर्शन करेगा, बल्कि समाज के खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा को भी नई पहचान देगा।

