बीकानेर में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार दो युवक घायल, चालक फरार
बीकानेर। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। आईटीआई सर्किल के पास एक तेज गति से आई कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार देवम गोदारा और मोहित कनोजिया शाम के समय मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में देवम गोदारा को गंभीर चोटें आई हैं। उनके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मोहित कनोजिया को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद मोहित कनोजिया ने जय नारायण पुलिस थाना में अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
बताया जा रहा है कि घायल देवम गोदारा, राजस्थान इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष एवं मरु प्रदेश निर्माण मोर्चा संयोजक जयबीर गोदारा के पुत्र हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जयबीर गोदारा ने भी पुलिस के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

