बार काउंसिल चुनाव में तेज़ हुई हलचल: एडवोकेट लक्ष्मीकांत रंगा ने रखा विज़न, बोले—अधिवक्ताओं के सम्मान और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

बीकानेर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 22 अप्रैल को होने वाले चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बीकानेर के वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट लक्ष्मीकांत रंगा ने सोमवार को नत्थूसर गेट स्थित बाहेती भवन में प्रेस वार्ता कर अपनी प्राथमिकताओं और विज़न को साझा किया।
रंगा ने स्पष्ट कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य “बार और बेंच की गरिमा की पुनर्स्थापना” है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वे चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे उन्हें बैलेट नंबर 42 पर प्रथम वरीयता देकर समर्थन दें, ताकि अधिवक्ता समाज की आवाज को और अधिक मजबूती मिल सके।
हाईकोर्ट बेंच स्थापना को बताया प्रमुख मुद्दा
प्रेस वार्ता में रंगा ने बीकानेर में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने को अपना प्रमुख संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के वकीलों और आमजन दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही जूनियर अधिवक्ताओं के लिए सम्मानजनक स्टाइपेंड, महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा और उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिवक्ताओं के लिए सुविधाओं के विस्तार का भरोसा
रंगा ने कोर्ट परिसर में बुनियादी ढांचे के विकास को जरूरी बताते हुए अतिरिक्त चैंबर्स, सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक अधिवक्ता भवन और आवासीय कॉलोनी विकसित करने की बात कही। उन्होंने वकील वेलफेयर फंड के तहत न्यूनतम 50 लाख रुपए का बीमा कवर देने और ‘अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम’ को प्रभावी ढंग से लागू करने का भी आश्वासन दिया।
जूनियर वकीलों के लिए विशेष योजनाएं
उन्होंने बताया कि नए अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि वे पेशे में बेहतर तरीके से स्थापित हो सकें। आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी योजनाएं बनाई जाएंगी। इसके साथ ही खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों के माध्यम से अधिवक्ताओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान रंगा ने कहा, “अधिवक्ता समाज का सजग प्रहरी होता है। हर वकील को सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण मिलना चाहिए। मेरा प्रयास रहेगा कि अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।” उन्होंने दावा किया कि उन्हें प्रदेशभर में अधिवक्ताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे उनकी जीत की संभावनाएं मजबूत हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनवर अली सैयद, संत नाथ योगी, ओम भादानी, महेंद्र जैन, ब्रजरतन व्यास, गिरिराज मोहता, अशोक व्यास, जितेंद्र श्रीमाली, महेश व्यास, नरेश आचार्य, नितेश हर्ष सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

