कचरे में लगी आग से चपेट में आई कार, टायर जलकर राख, बड़ा हादसा टला
बीकानेर. शहर के जेल रोड पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब कचरे के ढेर में लगी आग की चपेट में एक खड़ी कार आ गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार मालिक अपनी गाड़ी को सड़क किनारे पड़े कचरे के ढेर के पास खड़ी कर कहीं चला गया था। कुछ ही देर बाद अचानक कचरे में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें पास खड़ी कार तक पहुंच गईं। आग फैलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
लोगों की कोशिशों से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार को नुकसान पहुंच चुका था। आग की वजह से कार का आगे का एक टायर पूरी तरह जल गया, वहीं गाड़ी का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद जब कार मालिक मौके पर पहुंचा और गाड़ी का लॉक खोला, तो अंदर से धुआं निकलने लगा, जिससे स्पष्ट हुआ कि आग का असर कार के अंदर तक पहुंच चुका था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

