प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित, विषय पर सस्पेंस बरकरार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित, विषय पर सस्पेंस बरकरार
बीकानेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह उनके तीसरे कार्यकाल में राष्ट्र के नाम तीसरा संबोधन होगा। इससे पहले भी प्रधानमंत्री दो अहम मौकों पर देशवासियों को संबोधित कर चुके हैं, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक सुधार जैसे बड़े मुद्दे शामिल रहे हैं।
तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री का पहला संबोधन 12 मई 2025 को हुआ था। इस दौरान उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी देश को दी थी। यह संबोधन सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना गया था।
इसके बाद दूसरी बार 21 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए देश में बड़े आर्थिक बदलाव की घोषणा की। उन्होंने 22 सितंबर 2025 से लागू होने वाले “जीएसटी 2.0” यानी अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने “जीएसटी बचत उत्सव” की शुरुआत की बात कही और भरोसा दिलाया कि इससे आम लोगों की बचत बढ़ेगी और खरीदारी आसान होगी।
अब तीसरी बार होने जा रहे इस संबोधन को लेकर देशभर में उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रधानमंत्री किस विषय पर अपनी बात रखेंगे। राजनीतिक हलकों में इसे हाल ही में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को संसद में पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के लिए यह एक अहम मुद्दा रहा है। प्रस्तावित विधेयक में महिला आरक्षण को परिसीमन प्रक्रिया के जरिए लागू करने का प्रावधान था, लेकिन संसद में लंबी और तीखी बहस के बावजूद इसे पारित करने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका।
ऐसे में आज रात होने वाला प्रधानमंत्री का संबोधन कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देश की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि पीएम मोदी अपने इस संदेश में किस मुद्दे को प्रमुखता देते हैं—क्या यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होगा, आर्थिक नीति पर केंद्रित होगा या फिर किसी बड़े राजनीतिक फैसले का संकेत देगा।

