नवाह्न पारायण पाठ की शोभायात्रा को लेकर महिलाओं में उत्साह, साड़ी लेने उमड़ीं टोलियां
बीकानेर. मानस प्रचार समिति, लखोटिया चौक की ओर से पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित होने वाले नवाह्न पारायण पाठ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 17 मई से शुरू होने वाले धार्मिक आयोजन से पहले 16 मई को निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं को गुरुवार को साड़ियों का वितरण किया गया।
विश्वकर्मा गेट के अंदर स्थित नृसिंह सत्संग उद्यान में शाम पांच बजे से ही महिलाओं की टोलियां उत्साह के साथ पहुंचनी शुरू हो गईं। शाम साढ़े छह बजे सुधा आचार्य, पर्वतारोही सुषमा बिस्सा, कंचन राठी, साहित्यकार कृष्णा आचार्य और अशोका सोनी सहित अन्य अतिथियों ने महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का अनूठा उदाहरण पेश किया। आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा में महिलाएं एक ही रंग की साड़ियां पहनकर सिर पर रामचरितमानस की पुस्तकें रखकर शामिल होंगी। यह शोभायात्रा एमएम ग्राउंड के पास स्थित राम मंदिर से रवाना होकर नयाशहर थाने के आगे से होते हुए धर्म नगर द्वार पहुंचकर कथास्थल नृसिंह सत्संग उद्यान तक पहुंचेगी।
दूर-दराज से आने वालों के लिए निशुल्क व्यवस्था
आयोजन समिति ने नवाह्न पारायण पाठ में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। समिति अध्यक्ष राजेश चूरा, राजेन्द्र पुरोहित और बलभद्र व्यास ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बस सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क की गई है।
समिति के अनुसार जयपुर, दिल्ली, कोलकाता, नागपुर और जोधपुर सहित कई शहरों से श्रद्धालुओं के आने की स्वीकृति मिल चुकी है। उनके ठहरने की व्यवस्था कथास्थल के सामने की गई है।
मानस प्रचार समिति की ओर से 15 मई को शाम 7 बजे नृसिंह सत्संग उद्यान में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। नरेश पुरोहित एंड पार्टी द्वारा किए जाने वाले इस पाठ से पहले भव्य राम दरबार सजाया जाएगा। वहीं 17 मई से 25 मई तक दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक नवाह्न पारायण पाठ सुशील आसोपा एंड पार्टी द्वारा किए जाएंगे।

