भारी बारिश से बाली माइनर दो जगह टूटा, 60-60 फीट का आया कटाव, किसानों की बढ़ी चिंता

बीकानेर. क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद भूरासर वितरिका की बाली माइनर में ओवरफ्लो की स्थिति बन गई। पानी का दबाव बढ़ने से माइनर दो अलग-अलग स्थानों पर टूट गया। करीब 6 किलोमीटर और 12 किलोमीटर बिंदु पर लगभग 60-60 फीट का कटाव आया है।
बताया जा रहा है कि किसानों द्वारा मोघे बंद किए जाने के कारण माइनर में पानी का दबाव बढ़ गया, जिससे दोनों स्थानों पर माइनर क्षतिग्रस्त हो गया। माइनर टूटने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
विभाग की ओर से दोनों स्थानों पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम माइनर को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटी है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके और पानी की आपूर्ति प्रभावित न हो।

