कोलायत में आयुर्वेद चिकित्सा को बड़ी सौगात, ब्लॉक चिकित्सालय में हुआ क्रमोन्नत
Bikaner News Politics

कोलायत में आयुर्वेद चिकित्सा को बड़ी सौगात, ब्लॉक चिकित्सालय में हुआ क्रमोन्नत

May 16, 2026

 

बीकानेर. कोलायत क्षेत्र के लोगों के लिए आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों से कोलायत मुख्यालय स्थित राजकीय आयुर्वेद औषधालय को अब राजकीय आयुर्वेद ब्लॉक चिकित्सालय के रूप में क्रमोन्नत कर दिया गया है। आयुर्वेद विभाग के निदेशक डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

 

 

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि क्रमोन्नत चिकित्सालय में चार आयुर्वेद चिकित्सक, चार नर्सिंग स्टाफ और चार परिचारकों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही भविष्य में नए भवन निर्माण के बाद मरीजों को भर्ती कर उपचार देने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे कोलायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आयुर्वेद चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

 

 

उन्होंने बताया कि कोलायत क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां कपिल मुनि मंदिर और पवित्र कपिल सरोवर पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा गुरुनानक जयंती पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे में अरदास के लिए आते हैं।

 

 

भाटी ने राज्य सरकार को भेजे अपने प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया था कि रेगिस्तानी और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के ग्रामीण पारंपरिक और आयुर्वेदिक उपचार पद्धति पर अधिक भरोसा करते हैं। ऐसे में आयुर्वेद ब्लॉक चिकित्सालय बनने से ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी लाभ मिलेगा।

 

 

विधायक भाटी ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं आयुर्वेद मंत्री का आभार व्यक्त किया है।