युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
Bikaner News Motivation

युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

May 16, 2026

 

बीकानेर। पुरानी गिन्नानी स्थित वैबसोल कैंपस में राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम तथा एमएसएमई टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित निशुल्क कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन एवं टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी व्यास भी मौजूद रहे।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार और कौशल आधारित शिक्षा की ओर भी बढ़ना होगा। उन्होंने युवाओं को मेहनत, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य को मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और संस्कारों का होना भी उतना ही आवश्यक है, तभी युवा समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।

 

 

सेंटर मैनेजर मोहित व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र पर रोजगारपरक कोर्स के तहत ग्राफिक डिजाइनिंग और मेकअप आर्टिस्ट के प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन कोर्सों में युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा कोर्स पूर्ण होने पर राजस्थान सरकार द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है।

 

 

कार्यक्रम में समाजसेवी राजेंद्र कुमार व्यास, अशोक व्यास, आनंद व्यास, पुरुषोत्तम व्यास और हर्षित व्यास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत इंजी. मुकेश बोहरा, अमित वर्मा, अंकुश गहलोत, सुनील सिंह, रितेश और विक्रम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित व्यास ने किया, जबकि अंत में इंजी. कीर्ति व्यास, वैशाली व्यास एवं इंदु बाला व्यास ने सभी का आभार व्यक्त किया।