राजस्थान के स्कूलों में बढ़ी गर्मी की छुट्टियां, संशोधन आदेश हुए जारी
बीकानेर. प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राजस्थान सरकार ने स्कूलों के ग्रीष्मावकाश की अवधि बढ़ा दी है। शिक्षा विभाग (ग्रुप-1) द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविरा पंचांग वर्ष 2026-27 में संशोधन करते हुए अब ग्रीष्मावकाश 17 मई से 28 जून 2026 तक रहेगा।
पहले जारी शिविरा पंचांग के अनुसार ग्रीष्मावकाश 17 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित था, जिसकी अवधि 35 दिन थी। संशोधित आदेश के बाद अवकाश की अवधि बढ़कर 43 दिन हो गई है। यानी विद्यार्थियों और शिक्षकों को 8 दिन अतिरिक्त अवकाश का लाभ मिलेगा।
शिक्षा विभाग के शासन उप सचिव आलोक जैन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि यह संशोधन सक्षम स्तर से अनुमोदित किया गया है। इसके साथ ही संस्था प्रधान की ओर से अधिकृत अवकाश की संख्या भी एक से बढ़ाकर दो कर दी गई है।
गर्मी के मौसम में प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। ऐसे में अवकाश अवधि बढ़ने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। शिक्षा विभाग के इस निर्णय का अभिभावकों और शिक्षकों ने भी स्वागत किया है।
उल्लेखनीय है कि संशोधित शिविरा पंचांग के अनुसार अब प्रदेश के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश 28 जून तक प्रभावी रहेगा तथा इसके बाद विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी।

