साइबर फ्रॉड का शिकार हुई महिला को मिली राहत, पुलिस ने पूरी रकम कराई रिफंड
बीकानेर. बीकानेर के नयाशहर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के साथ हुई 10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की पूरी राशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र राहत देने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं नगर वृत्ताधिकारी अनुज डाल के सुपरविजन में नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया ने साइबर हेल्प डेस्क को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, रामगेट के अंदर चौखुंटी निवासी राखी सुथार के साथ साइबर ठगी हुई थी। शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज होने के बाद पुलिस ने संबंधित बैंकों से तत्काल समन्वय स्थापित किया और संदिग्ध बैंक खातों में 10 हजार रुपये होल्ड करवा दिए। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी राशि पीड़िता के खाते में वापस जमा करवा दी गई, जिससे उसे बड़ी राहत मिली।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पुनिया, कांस्टेबल अमर सिंह (विशेष योगदान) और कांस्टेबल ओम प्रकाश की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर पोर्टल अथवा अपने निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की भी अपील की है।

