दिल्ली प्रदर्शन के समर्थन में बीकानेर के छात्र नेता को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने लिया हिरासत में, AIDWA ने जताया कड़ा विरोध
Bikaner News

दिल्ली प्रदर्शन के समर्थन में बीकानेर के छात्र नेता को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने लिया हिरासत में, AIDWA ने जताया कड़ा विरोध

Jul 24, 2026

बीकानेर. अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA) ने दिल्ली में छात्रों के चल रहे शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में आवाज़ उठाने वाले एसएफआई (SFI) के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश सिद्ध को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है। समिति ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है।

 

 

 

समिति की राज्य महासचिव डॉ. सीमा जैन ने जारी बयान में कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलनों को पुलिस बल के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि असहमति की आवाज़ उठाने वालों को हिरासत में लेकर और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है।

 

 

 

डॉ. जैन ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में इन अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में “अघोषित आपातकाल” जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं।

 

 

 

AIDWA ने मांग की है कि एसएफआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश सिद्ध को तत्काल और बिना शर्त रिहा किया जाए तथा छात्रों और जनसंगठनों के शांतिपूर्ण आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई रोकी जाए।

 

 

 

 

डॉ. जैन ने चेतावनी दी कि यदि छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं रुकी तो जनवादी महिला समिति छात्रों और आम जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।