मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर बीकानेर में बड़ी कार्रवाई, 106 ग्राम एमडीएमए के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बीकानेर. मिलिट्री इंटेलिजेंस की सटीक सूचना पर बीकानेर में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 106 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को मिलिट्री इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि नागौर निवासी असलम काजी बीकानेर में एमडीएमए की तस्करी में सक्रिय है। सूचना का सत्यापन करने के बाद संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
23 जुलाई की देर शाम मिलिट्री इंटेलिजेंस, डीएसटी और सदर थाना पुलिस ने पीबीएम अस्पताल के पास दबिश देकर असलम काजी (25) पुत्र उस्मान काजी, निवासी दिली दरवाजा, नागौर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 106 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने भीनासर निवासी ताराचंद पुत्र रूपचंद के भी इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने ताराचंद को भी हिरासत में लेकर दोनों आरोपियों को सदर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क, मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

