देशनोक में NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, देहात अध्यक्ष ने SHO पर लगाए “बीजेपी एजेंट” होने का आरोप
देशनोक/बीकानेर. NEET पेपर लीक मामले के विरोध में शनिवार को देशनोक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। देशनोक उप-तहसील के पास जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिश्ना राम सियाग भी अचानक मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। सियाग ने मीडिया से बातचीत में स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब पूरे देश में NEET पेपर लीक को लेकर विरोध हो रहा है और पीएम व शिक्षा मंत्री के पुतले जलाए जा रहे हैं, तब देशनोक की थानाधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रही थीं कि पुतला दहन नहीं करने दिया जाएगा। सियाग ने कहा कि स्थानीय SHO पूरी तरह से बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रही हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को धमकाने की सूचना मिलने पर ही वे अपने कार्यक्रम छोड़कर तुरंत देशनोक पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और ज्ञापन के जरिए NEET मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

