पेपर लीक और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका
Bikaner News Politics

पेपर लीक और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका

Jul 25, 2026

बीकानेर. दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को एनएसयूआई ने बीकानेर में विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रानीबाजार स्थित देहात कांग्रेस कार्यालय से अंबेडकर सर्किल तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।

 

 

 

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं पर बल प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय बंद नहीं हुआ और पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

 

 

 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिश्नाराम सियाग, शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और पीसीसी महासचिव डॉ. राजेंद्र मूंड सहित अन्य नेताओं ने भी कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी की गिरफ्तारी की निंदा की तथा प्रधानमंत्री से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

 

 

 

प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा, अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष सत्तू खान पड़िहार, ओबीसी शहर जिलाध्यक्ष उमा सुथार, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित एनएसयूआई और कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।