गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग तेज, 27 जुलाई को बीकानेर में कलक्टर को सौंपेंगे 11 लाख संकल्प पत्र
Bikaner News

गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग तेज, 27 जुलाई को बीकानेर में कलक्टर को सौंपेंगे 11 लाख संकल्प पत्र

Jul 25, 2026

 

बीकानेर. गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गोसेवा मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर 27 जुलाई को बीकानेर में संत समाज, गौसेवक और गौभक्त एकजुट होकर जिला कलक्टर के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान देशभर से जुटाए गए 11 लाख संकल्प पत्र भी प्रशासन को सौंपे जाएंगे।

 

 

 

 

शनिवार को गंगाशहर के सुजानदेसर स्थित रामझरोखा कैलाशधाम में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, गौवंश को संवैधानिक मान्यता दिलाना, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना तथा पशुपालन विभाग से अलग स्वतंत्र गौपालन मंत्रालय का गठन कराना है। उन्होंने गोचर भूमि संरक्षण, गो-अभ्यारण्य और नंदीशाला की स्थापना, प्रत्येक 50 किलोमीटर पर गौवाहिनी एम्बुलेंस सेवा तथा पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध जैसी मांगों का भी उल्लेख किया।

 

 

 

महामंडलेश्वर सरजूदास ने बताया कि अभियान का पहला चरण 27 अप्रैल 2026 को तहसील स्तर पर पूरा किया गया था। अब दूसरे चरण में 27 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन दिए जाएंगे, जबकि तीसरे चरण में राज्य स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

 

 

 

 

प्रेसवार्ता में अलका बिश्नोई ने कहा कि गौवंश की रक्षा समाज और संस्कृति दोनों के संरक्षण के लिए आवश्यक है। वहीं गौसेवी मनोज सेवग ने बताया कि 27 जुलाई, सोमवार सुबह 10 बजे करणी सिंह स्टेडियम से श्रीकृष्ण नाम संकीर्तन के साथ शांतिपूर्ण रैली जिला कलक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां संत समाज, गौभक्त और श्रद्धालु ज्ञापन सौंपेंगे।

 

 

 

 

इस अवसर पर गौ सम्मान अभियान के बैनर का विमोचन भी किया गया। प्रेसवार्ता में मोखराम धारणिया, सूरजप्रकाश राव, किशन शर्मा, श्रीगोपाल माहेश्वरी, कमल व्यास, मोहित राव, राजकुमारी पारीक, संतोष शर्मा, पुष्पा सचदेवा सहित अनेक गौसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।