35 वर्षों से अटूट आस्था का प्रतीक सावन महोत्सव, श्री रामसर में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ होगा शिव आराधना का महाअनुष्ठान
Bikaner News Dharm Karam

35 वर्षों से अटूट आस्था का प्रतीक सावन महोत्सव, श्री रामसर में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ होगा शिव आराधना का महाअनुष्ठान

Jul 25, 2026

बीकानेर. धर्मनगरी बीकानेर में भगवान शिव को समर्पित 35 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा सावन महोत्सव इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। गोपाल महाराज के सानिध्य में श्री रामसर स्थित श्री रामाकृष्ण सदन में गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर रक्षा बंधन तक एक माह तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की आराधना में सहभागी बनेंगे।

 

 

 

 

आयोजकों के अनुसार सावन महोत्सव पिछले 35 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। महोत्सव के दौरान सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार, भजन संध्या और भंडारे सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

 

 

 

महोत्सव का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा पर भगवान शिव के विशेष पूजन-अर्चन और पूजनीय गुरुदेव गोपाल जी महाराज के आशीर्वचन के साथ होगा। श्रावण मास में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से श्रद्धालु मिट्टी से सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे भगवान शिव और शिव परिवार का पंचामृत, दुग्ध, गंगाजल तथा अन्य पूजन सामग्री से विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया जाएगा।

 

 

 

 

श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक सोमवार, शनिवार और रविवार को दोपहर 2 बजे भगवान शिव के विशेष श्रृंगार दर्शन की व्यवस्था रहेगी। वहीं प्रतिदिन संध्या आरती के बाद शिव महिमा से ओत-प्रोत भजन संध्या आयोजित होगी। पूरे श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है।

 

 

 

 

एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव का समापन रक्षा बंधन के दिन पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का पवित्र सरोवर में विसर्जन किया जाएगा। आयोजन समिति जय शंकर–महादेव भक्त मंडल परिवार ने सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।