बीकानेर में होगा राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, तैयारियों में जुटा प्रशासन
जयपुर/बीकानेर। इस वर्ष राजस्थान का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य स्तरीय समारोह का बीकानेर में आयोजन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी विभागों से बीकानेर जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह के साथ बीकानेर और जयपुर में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रभावी प्रदर्शन बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान बीकानेर जिला कलक्टर निशांत जैन ने समारोह स्थल, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, विद्युत व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों, लोक कलाकारों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन करें तथा समन्वय संबंधी किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही समारोह स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव (सामान्य प्रशासन) नवीन जैन, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह, जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं बीकानेर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

