भारत-पाक सीमा पर जासूसी के आरोप में युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क का आरोप
Bikaner News

भारत-पाक सीमा पर जासूसी के आरोप में युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क का आरोप

Jul 28, 2026

 

बीकानेर. भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बज्जू थाना क्षेत्र में पुलिस ने जासूसी और देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान समर्थक आतंकी शहजाद भट्टी और उसके गुर्गों से संपर्क रखने, देश की गोपनीय सूचनाएं साझा करने तथा अपने नाम से जारी सिम कार्ड के व्हाट्सएप अकाउंट का उपयोग संदिग्ध गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराने का आरोप है।

 

 

 

पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर भारत-पाक सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल के सुपरविजन तथा बज्जू थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एटीएस से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई की।

 

 

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार बिश्नोई (18) पुत्र महावीर डेलू निवासी गौडू, थाना बज्जू के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी पाकिस्तान समर्थक आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में था तथा देश विरोधी गतिविधियों के लिए गोपनीय जानकारी साझा करता था। इसके अलावा उसने अपने नाम से जारी सिम कार्ड के व्हाट्सएप अकाउंट का उपयोग भी संदिग्ध व्यक्तियों को उपलब्ध कराया। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप भी उसके खिलाफ लगाए गए हैं।

 

 

 

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा क्या इस मामले के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।

 

 

 

कार्रवाई में थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी के साथ रामकुमार, जोगेन्द्र, हड़मानराम, पुखराम, रामनाथ तथा एटीएस यूनिट बीकानेर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।