पब्लिक पार्क परिसर में बेसुध मिला युवक, नशे के खिलाफ कार्रवाई के बीच वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
बीकानेर. बीकानेर में नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पब्लिक पार्क और कलेक्टर कार्यालय से कुछ ही मीटर की दूरी पर बनाया गया है। वीडियो में एक युवक सड़क किनारे बेसुध अवस्था में पड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा युवक उसे लगातार आवाज देकर उठाने की कोशिश करता नजर आता है। काफी देर तक पुकारने और हिलाने के बावजूद बेसुध युवक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती।
इस वीडियो के सामने आने के बाद शहर में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आए दिन नशा तस्करों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी कर रही है।
वायरल वीडियो को लेकर लोगों का कहना है कि यदि यह घटना वास्तव में पब्लिक पार्क और कलेक्ट्रेट के पास की है, तो यह चिंता का विषय है। हालांकि, केवल वीडियो के आधार पर यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि युवक की यह स्थिति नशे के कारण ही थी। उसकी वास्तविक हालत और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच कर इसकी सच्चाई और युवक की स्थिति को लेकर क्या जानकारी सामने लाती है। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है।

