700 तीरंदाज, 30 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी… बीकानेर में दिखेगा सटीक निशाने का रोमांच
बीकानेर. राजस्थान तीरंदाजी संघ के तत्वावधान में सीनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 8 से 10 अगस्त तक रेलवे ग्राउंड, बीकानेर में होगा। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश की 32 से अधिक इकाइयों के 700 से ज्यादा महिला एवं पुरुष तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में श्याम सुंदर, जगदीश चौधरी और रजत चौहान सहित 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज भी भाग लेंगे।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड सहित विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले होंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा होगा तथा युवा खिलाड़ियों को अनुभवी तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा कर उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह चैंपियनशिप प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
महासचिव ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से निर्धारित नगद प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल मैदान, तकनीकी व्यवस्था, निर्णायकों, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि सभी प्रतिभागियों को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।
बीकानेर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रही इस राज्य स्तरीय तीरंदाजी चैंपियनशिप से जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। तीन दिनों तक रेलवे ग्राउंड पर प्रदेश के शीर्ष तीरंदाज सटीक निशानेबाजी और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे, जिससे बीकानेर को खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की संभावना है।

