मोबाइल छोड़कर हाथों में उठाई मिट्टी, सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण में जुटी युवा पीढ़ी
Bikaner News Dharm Karam

मोबाइल छोड़कर हाथों में उठाई मिट्टी, सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण में जुटी युवा पीढ़ी

Aug 3, 2026

बीकानेर. डिजिटल युग में जहां अधिकांश युवा अपना समय मोबाइल और सोशल मीडिया पर बिताते हैं, वहीं बीकानेर के तेलीवाड़ा चौक स्थित ऐतिहासिक भोलेश्वर महादेव मंदिर में युवा पीढ़ी शिवभक्ति का अनूठा संदेश दे रही है। यहां बच्चे, युवतियां और युवा मोबाइल से दूरी बनाकर सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण के धार्मिक अनुष्ठान में पूरे उत्साह से भाग ले रहे हैं।

 

 

सच्चियाय ज्योतिष संस्थान के पंडित अशोक कुमार रंगा के सानिध्य में 30 जुलाई से शुरू हुआ यह आयोजन 29 अगस्त तक चलेगा। आयोजन से जुड़े पंडित अजय रंगा ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र मानी जाने वाली कोलायत की मिट्टी से बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक शिवलिंग का निर्माण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ किया जाता है। इसके बाद अक्षत अर्पित कर उनका श्रृंगार किया जाता है तथा पूरे समय ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप भी किया जाता है।

 

 

 

आयोजन में भाग ले रहे अक्षय रंगा, नरेंद्र कुमार शर्मा, गोविंद सोनी, सनू और पूजा ने बताया कि वे दिनभर मोबाइल और सोशल मीडिया पर समय बिताते थे, लेकिन अब स्क्रीन टाइम कम करने और भगवान शिव की आराधना से जुड़ने के उद्देश्य से इस धार्मिक सेवा में हिस्सा ले रहे हैं। उनका कहना है कि इससे मानसिक शांति भी मिलती है और समय का सदुपयोग भी होता है।

 

 

 

आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 4500 पार्थिव शिवलिंग तैयार किए जा रहे हैं। सावन माह की पूर्णाहुति पर सभी सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान के साथ कोलायत सरोवर में विसर्जन किया जाएगा।

 

 

 

पंडित अशोक कुमार रंगा ने बताया कि सावन मास में पार्थिव शिवलिंग का पूजन और जलाभिषेक अत्यंत फलदायी माना जाता है। इससे मनोकामनाओं की पूर्ति, रोग-दोष से मुक्ति तथा विश्व में सुख, शांति और भाईचारे की भावना का संचार होता है। यह आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का भी प्रेरणादायी माध्यम बन रहा है।