मानसून के बीच शिक्षा विभाग अलर्ट, विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए जारी हुए सख्त निर्देश
Bikaner News

मानसून के बीच शिक्षा विभाग अलर्ट, विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए जारी हुए सख्त निर्देश

Aug 3, 2026

बीकानेर. प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मानसून के मद्देनज़र शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं विद्यालयी स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए।

 

 

 

जारी निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालयों की छतों की नियमित सफाई कराई जाएगी तथा बरसाती नालों और पाइपों की मरम्मत कर पानी का भराव रोकने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय परिसर या आसपास जलभराव होने की स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था करने तथा उन्हें जागरूक करने को कहा गया है।

 

 

 

विभाग ने दोहराया है कि जर्जर, असुरक्षित या छत टपकने वाले भवनों में किसी भी परिस्थिति में कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। ऐसे कमरों में विद्यार्थियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जर्जर घोषित भवनों को शीघ्र सुरक्षित तरीके से ध्वस्त करने की प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

 

 

विद्यालयों में विद्यार्थियों को पानी की टंकियों, कुओं, टैंकों, खुले जल स्रोतों और बिजली की वायरिंग व प्वाइंट्स से दूर रहने के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

 

 

 

यदि अतिवृष्टि या किसी प्राकृतिक आपदा से विद्यालय भवन को नुकसान पहुंचता है तो प्रधानाचार्य को तकनीकी अधिकारियों से निरीक्षण करवाकर मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर को भेजना होगा। निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्माण स्थल पर उनका प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

इसके अलावा संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को केवल सुरक्षा प्रमाण-पत्रों पर निर्भर नहीं रहने, बल्कि स्वयं अधिक से अधिक विद्यालयों का रैंडम निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने कहा है कि मानसून के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा सभी अधिकारी इन निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करें।